हाशिये पर बुनते हाथ: ‘झीनी झीनी बीनी चदरिया’ में अंसारी जीवन-संघर्ष
हाशिये पर बुनते हाथ: ‘झीनी झीनी बीनी चदरिया’ में अंसारी जीवन-संघर्ष
डॉ. कहकशाँ
शोध सार:
यह शोध-पत्र अब्दुल बिस्मिल्लाह के उपन्यास ‘झीनी झीनी बीनी चदरिया’ (1986) के माध्यम से बनारस के अंसारी बुनकर समुदाय के सामाजिक-सांस्कृतिक जीवन को समझने का प्रयास है। हिंदी कथा-साहित्य में मुस्लिम पात्रों पर काफी काम हुआ है, लेकिन अंसारी समुदाय की वास्तविक स्थिति, पारिवारिक ढाँचे और मुस्लिम समाज के भीतर उनकी सामाजिक जगह पर अलग से बहुत कम ध्यान दिया गया है।
इस अध्ययन के तीन उद्देश्य हैं। पहला, यह देखना कि उपन्यास में बुनकरों की आर्थिक तंगी, हथकरघा उद्योग के संकट और उनकी रोज़मर्रा की ज़िंदगी को किस तरह दिखाया गया है। दूसरा, यह समझना कि साहित्य किस तरह पसमांदा समुदायों के सामाजिक इतिहास को दर्ज करने का ज़रिया बन सकता है – खासकर तब, जब इनके बारे में औपचारिक दस्तावेज़ बहुत कम मिलते हैं। तीसरा, इस चित्रण को मुस्लिम समाज के भीतर जाति और पसमांदा पहचान की बड़ी बहस से जोड़कर देखना।
पद्धति के तौर पर उपन्यास का बाह्य पाठ-विश्लेषण किया गया है, और उससे निकले निष्कर्षों का मिलान बनारसी बुनकरों पर हुए स्वतंत्र आर्थिक शोधों से किया गया है। स्रोत सामग्री में मूल उपन्यास, बिस्मिल्लाह पर आलोचनात्मक लेखन, बुनकर समुदाय पर हुए क्षेत्रीय अध्ययन और सच्चर समिति जैसे आधिकारिक प्रतिवेदन शामिल हैं।
अध्ययन का योगदान यह दिखाना है कि साहित्यिक पाठ भी समुदाय-केंद्रित अध्ययन के लिए भरोसेमंद पूरक स्रोत हो सकते हैं, और यह उपन्यास अंसारी बुनकरों के श्रम-संबंधों, शिल्प-ज्ञान, स्त्री-श्रम और सामाजिक अलगाव को समझने में किस तरह मदद करता है।
बीज शब्द: पसमांदा, अंसारी, मोमिन, जुलाहा, बुनकर, बनारसी साड़ी, हथकरघा, अब्दुल्लाह, कबीर, गिरस्ता-कोठीवाल, कर्ज, स्त्री-श्रम।
